अकाली दल से सांसद हरसिमरत कौर बादल आज तरनतारन पहुंची। इस दौरान उन्होंने पंजाब की AAP सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने ने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी (आप) ने तरनतारन उपचुनाव में अकाली दल के उम्मीदवार की बेटी कंचनप्रीत कौर और अन्य अकाली नेताओं के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर अपनी हार स्वीकार कर ली है। बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल ने यह बात पार्टी उम्मीदवार प्रिंसिपल सुखविंदर कौर रंधावा के समर्थन में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने लोगों से “धर्मी फौजी” के परिवार का समर्थन करने की अपील की, जो समाज सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने AAP उम्मीदवार हरमीत सिंह संधू को “गद्दार” बताया, जो प्रचार वाहनों से लटककर सत्ता में आने का सपना देख रहे हैं। सभी पार्टियां अकाली दल के खिलाफ एकजुट हैं- हरसिमरत हरसिमरत कौर बादल ने जोर देकर कहा कि दिल्ली स्थित सभी पार्टियां अकाली दल के खिलाफ एकजुट हैं। उन्होंने लोगों से अपनी क्षेत्रीय पार्टी का समर्थन करने और पंजाब विरोधी ताकतों को स्पष्ट संदेश देने का आह्वान किया, जो अपने स्वार्थी राजनीतिक हितों के लिए पंजाबियों को बांटने पर तुली हुई हैं। बादल ने चुनाव लड़ रही अन्य पार्टियों का मूल्यांकन करने की अपील की। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर किसानों का कर्ज माफ करने का वादा पूरा न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार किसानों को मुआवजा और युवाओं को रोजगार देने से इनकार कर चुकी है, जबकि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। बोलीं- बाढ़ में अकाली दल ने की किसानों की सहायता हरसिमरत कौर बादल ने बताया कि हाल ही में आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान भी इनमें से कोई पार्टी जनता की मदद के लिए आगे नहीं आई। उन्होंने दावा किया कि केवल अकाली दल ही किसानों की सहायता के लिए आगे आया और एक लाख एकड़ भूमि के लिए प्रमाणित गेहूं के बीज उपलब्ध करवा रहा है। बठिंडा की सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब की महिलाओं से झूठे वादे किए और उन्हें धोखा दिया। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे वोट मांगने से पहले आप प्रतिनिधियों से उनके खातों में ₹45 हजार जमा करवाने को कहें, क्योंकि पार्टी ने चार साल पहले ₹1,000 प्रति माह देने का वादा किया था।