पंजाब के तरनतारन सिविल अस्पताल में बुधवार देर रात हथियारबंद लुटेरों ने जच्चा-बच्चा वार्ड में एक महिला मरीज का पर्स और उसके सहायक का मोबाइल छीन लिया। जब सहायक लुटेरों से भिड़ गया, तो वे भाग निकले। लोगों ने बताया कि उस समय अस्पताल में कोई सुरक्षाकर्मी नहीं था। करीब आधा घंटे बाद गार्ड पहुंचे। पुलिस अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, लुटेरे सीधे जच्चा-बच्चा वार्ड में दाखिल हुए। उन्होंने महिला मरीज का पर्स छीनकर पहली मंजिल से बाहर फेंक दिया। जब सहायक ने विरोध किया, तो लुटेरों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया। लुटेरों ने परिजनों के साथ धक्का-मुक्की भी की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मरीज का सहायक लुटेरों से भिड़ गया, जिसके बाद लुटेरे मौके से फरार हो गए। इस घटना से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। नहीं था कोई सुरक्षा कर्मी लोगों ने बताया कि वारदात के समय अस्पताल में कोई सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं था। घटना के करीब आधे घंटा बाद गार्ड मौके पर पहुंचे। मरीजों और उनके परिजनों का कहना है कि जिला मुख्यालय के इतने बड़े अस्पताल में सुरक्षाकर्मियों की अनुपस्थिति चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन से अस्पताल में 24 घंटे सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और प्रवेश द्वारों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है।