भास्कर न्यूज| अमृतसर ईस्ट हलका के वार्ड-33 अधीन आते संत एवेन्यू इलाके की 2 गलियों में करीब ढाई सालों से घरों में गंदा पानी आ रहा है। पीडितों ने इलाके की पार्षद अर्शनूर कौर से कई बार शिकायत की। यहां तक कि गंदा पानी का सैंपल भी सौंपा गया। लेकिन आज तक समस्या का हल नहीं निकाला जा सका। इलाके की रहने वाली गुरमीत कौर, जसवंत कौर, रजवंत कौर, परमजीत कौर व अन्य ने बताया कि ढाई साल पहले ही नया ट्यूबवेल लगवाया गया था। लेकिन दो गलियों में गंदा पानी की समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है। पानी देर तक चालू रखने पर साफ तो हो जाता है, लेकिन पीने लायक नहीं रहता। कई बार पार्षद से अनुरोध किया कि चेक कराकर सही कराएं। कई बार तोड़फोड़ करके पाइपें यहां डाली गई। लेकिन उनके घरों में सीवरेज का गंदा पानी मिक्स होकर आ रहा है। यदि कोई बीमार हुआ तो इसके लिए जिम्मेदार कौन होगा। सरकार से पानी का कनेक्शन लिया हुआ है। लेकिन गंदा पानी पीना है तो कनेक्शन लेने का क्या फायदा। एक तरफ निगम अफसर-मुलाजिम अभियान चलाकर कनेक्शन वैध कराने के लिए कहते हैं। दूसरी तरफ जिन्होंने कनेक्शन लिया है, उन्हें साफ पानी नसीब नहीं हो रहा। पहले भी गंदा पानी कई लोगों की जानें ले चुकी है। लेकिन जिम्मेदारों के कानों में जूं तक नहीं रेंगता। सड़कों पर उतरने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। जिम्मेदार बस इस बाद का जवाब दें कि कोई गंदा पानी पीने से कोई बड़ा हादसा हुआ तो जिम्मेदारी कौन लेगा? गौर हो कि बीते अगस्त माह में गंदा पानी पीने के कारण खानकोट के वार्ड-35 में 2 की मौत हो गई थी। जिसके बाद जिला प्रशासन व निगम कुछ दिनों के लिए एक्शन मोड में दिखा। तत्कालीन डीसी खुद अफसरों संग मौके पर पहुंची थी। साथ ही जांच एडिश्नल कमिश्नर निगम को सौंपी गई थी। डीसी ने अपने आदेश में लिखा था कि जब लोगों ने निगम अफसरों से शिकायत की थी तो निपटारा क्यों नहीं कराया गया। स्थानीय लोगों ने डीसी को बताया था कि गंदा पानी आ रहा था। इसकी शिकायत निगम अफसरों-मुलाजिमों से की गई थी। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लेकिन समय बीतने के बाद गंदा पानी की समस्या को फिर से जिम्मेदार नजरअंदाज करने लगे हैं। गंदा पानी की समस्या बारे पार्षद के नंबर पर कई बार संपर्क किया गया और मैसेज के जरिए भी जानकारी दी गई। लेकिन चुप रहना जरूरी समझा। ^आपकी तरफ से मामला नोटिस में लाया गया है। इलाके के जेई से बात कर रिपोर्ट मांगेंगे। इलाके में लोगों को गंदे पानी की समस्या आ रही तो जल्द समाधान कराया जाएगा। -राजिंदर शर्मा, असिस्टेंट कमिश्नर, निगम
