कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा है कि सरकार में भ्रष्टाचार का आलम है। बिना पैसा दिए कोई काम नहीं होता। एक काम की तीन-तीन जगह पर्ची कट रही है। एक जगह पर्ची कटवा लेते हैं तो कहा जाता है सक्षम स्तर से नहीं कटी तो दूसरी जगह पर्ची कटवानी पड़ती है, बाद में पता लगता है तीसरे सक्षम स्तर से पर्ची नहीं कटी, तो फिर तीसरी जगह पर्ची कटवानी पड़ती है। डोटासरा ने कहा कि यह तीसरा सक्षम स्तर आरएसएस है। आरएसएस में भी पर्चियां चली हैं, प्रिसिंपल के तबादलों में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। डोटासरा अपने जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम के मौके पर जयपुर कांग्रेस वॉर रूम में मीडिया से बातचीत कर रहे थे। डोटासरा ने कहा- अभी 5000 प्रिसिंपल के ट्रांसफर हुए। 800 की लिस्ट पहले फेज में बनी, फिर सीएमओ में लिस्ट आई और वो 1000 से 1100 की बनी। फिर लिस्ट आरएसएस के यहां गई तो 1700-1800 की बनी। वहां से सीएमओ आकर 3500 की लिस्ट बनी। फिर अफसरों के हत्थे चढ़ी। इसके बाद दलालों के हत्थे चढ़ी। 4500 ट्रांसफर हुए। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि भारी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी है। जनवरी से पर्ची कटना शुरू हुई डोटासरा ने कहा- जनवरी में भाजपा विधायकों से नाम लिए गए, जनवरी से पर्ची कटना शुरू हुई। सितंबर के आखिर में लिस्ट आउट हुई। समझ नहीं आ रहा कि इतना बड़ा भ्रष्टाचार होकर शिक्षा मंत्री दूसरों पर किस मुंह से आरोप लगा रहे हैं? 10 साल जीएसटी में लूटा, अब सिंहासन डगमगाने लगा तो छूट की घोषणा की डोटासरा ने कहा- केंद्र सरकार ने 10 साल जीएसटी में लूटा और जब बिहार चुनाव में सिंहासन डगमगाने लगा। जब इन्हें लगा कि सत्ता विरोधी लहर हावी हो सकती है तो अब जीएसटी कम करने का फैसला किया। जीएसटी दरों में कमी को तुरूप का इक्का समझ रहे थे, लेकिन इस कमी के कारण कोई सामान सस्ता नहीं मिल रहा। आम आदमी की आमदनी में कोई राहत नहीं मिली। निकाय और पंचायत चुनाव में बीजेपी को उसकी औकात बताएंगे डोटासरा ने कहा- आने वाले निकाय और पंचायत चुनाव में बीजेपी को उसकी औकात बताएंगे कि आप चुनाव टाल सकते हो लेकिन जिस दिन भी चुनाव होगा उस दिन आपको मुंह की खानी पड़ेगी। जनता ही नहीं बल्कि बीजेपी के कार्यकर्ता भी इस सरकार के कार्यशैली से खुश नहीं हैं। चुनाव आयोग के अफसरों को पक्ष में करके वोट चोरी हो रही डोटासरा ने कहा- बीजेपी और केंद्र सरकार दो तरीके से वोट चोरी करते हैं। एक वोट चोरी है, चुनाव के सामय चुनाव आयोग के अफसरों को अपने पक्ष में लेकर वोट फर्जी जोड़ते है। वोटर लिस्ट वोटिंग से 24 घंटे पहले आती है। फर्जी वोट डालकर चुनाव जीत जाते हैं। दूसरा तरीका एसआईआर के जरिए वोट चोरी का है। जो लोग कांग्रेस या अन्य दलों को वोट देते हैं, बीजेपी को वोट नहीं देते, उनके नाम वोटर लिस्ट से कटवा देते हैं। कोई वोटर बाहर है,व्यापार या नौकरी कर रहा है वो जिस दिन वोट देने आएगा उसे तब पता लगेगा कि उसका तो नाम ही नहीं है। यह संविधान और लोकतंत्र की हत्या है। जन्मदिन के मौके पर डोटासरा का शक्ति प्रदर्शन गोविंद सिंह डोटासरा के जन्मदिन के मौके पर बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता कांग्रेस वॉर रूम पहुंचे। कांग्रेस वॉर रूम के बाहर सड़क पर टेंट लगाकर इंतजाम किए गए थे। प्रदेश भर से कांग्रेस नेता डोटासरा को जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे। शहर के प्रमुख जगहों पर डोटासरा के जन्मदिन पर बधाई देने के होर्डिंग और बैनर पोस्टर लगाए गए थे। पूरे आयोजन को शक्ति प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है।
