श्रीगंगानगर। जिला मुख्यालय पर डेंगू की आंशका में एक महिला की मौत के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। जिले में डेंगू के बढते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। सोमवार को मौसमी बीमारियों की समीक्षा और बैठकों के बाद मंगलवार को सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने खुद मोर्चा संभालते हुए अपनी पूरी टीम के साथ फील्ड में उतरे। वहीं डिप्टी सीएमएचओ डॉ. इतेंद्र उप्पल की अगुवाई में एक टीम ने घरों में दौरा किया। मंगलवार को जिला मुख्यालय पर एक साथ 65 टीमों को लगाकर एक साथ सभी वार्डों में सर्वे शुरू किया गया, जो आगामी दिनों में भी जारी रहेगा। डेंगू की रोकथाम और नियंत्रण के लिए एक बार फिर से पूरे जिले में व्यापक सर्वे और सघन अभियान शुरू कर दिया है, लेकिन आमजन को भी जागरूक रहना होगा।
