डूंगरपुर के स्वच्छता मॉडल को पूरे राजस्थान में लागू करने की तैयारी है। इसके लिए 24 अप्रैल को डूंगरपुर शहर में एक राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यशाला में प्रदेश के सभी 306 निकायों से लगभग 612 अधिकारी और कर्मचारी भाग लेंगे। यह जानकारी राजस्थान के स्वच्छ भारत मिशन के ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता ने डूंगरपुर दौरे के दौरान मीडिया को दी। मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें तीसरी बार यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गुप्ता ने बताया कि जिम्मेदारी संभालने के बाद से उन्होंने अब तक 25 जिलों के 181 निकायों का दौरा कर स्वच्छता के गुर सिखाए हैं। उन्होंने डूंगरपुर को राजस्थान का ‘सिरमौर’ बताते हुए कहा कि यह शहर पूरे प्रदेश के लिए स्वच्छता का रोल मॉडल है। इसी डूंगरपुर नगरपरिषद के स्वच्छता मॉडल को अन्य निकायों में लागू करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली इस कार्यशाला में अधिकारी डूंगरपुर शहर का भ्रमण करेंगे। वे यहां की स्वच्छता के ‘सक्सेस मॉडल’ को बारीकी से समझेंगे। इसका लक्ष्य डूंगरपुर की सफलता की कहानियों को साझा करना है, ताकि अन्य निकाय भी अपने शहरों में सकारात्मक बदलाव ला सकें।
