डूंगरपुर में जिला स्पेशल पुलिस (डीएसटी) और धम्बोला थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 30 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त कर गुजरात के 3 तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह शराब बाइक पर कट्टों में भरकर गुजरात ले जाई जा रही थी। एसपीमनीष कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि धम्बोला के पीठ से सरथुना मार्ग होते हुए कुछ लोग बाइक मोटरसाइकिल पर अवैध शराब गुजरात ले जा रहे है।
इस सूचना पर धम्बोला थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान बिना नंबर प्लेट की 3 बाइक आती दिखीं। पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली। तीनों बाइकों पर रखे कट्टों से 30 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। आरोपी शराब ले जाने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाए। पुलिस ने गुजरात निवासी दशरथ पंगी, हरेश उर्फ हरिश भाई और राजू उर्फ राजेश पंगी को शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।
