डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना क्षेत्र में एक तालाब में डूबने से 11 साल के बच्चे की मौत हो गई। बालक अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था, तभी गहरे पानी में जाने से यह हादसा हुआ। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। यह घटना ग्राम पंचायत उपला रास्ता के हांसेला गांव में हुई। हांसेला निवासी रोहित खांट अपने दोस्तों के साथ घर से लगभग आधा किलोमीटर दूर स्थित तालाब में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। रोहित को डूबते देख उसके साथ नहा रहे दोस्त घबरा गए और मदद के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल तालाब में उतरकर रोहित की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने रोहित को गहरे पानी से बाहर निकाला और एक निजी वाहन से सीमलवाड़ा अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही धंबोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सीमलवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
