कोतवाली थाना पुलिस ने न्यू कॉलोनी क्षेत्र में 25 मार्च की रात हुई चोरी की वारदात का खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया सोने-चांदी का सामान भी बरामद किया है। कोतवाली थानाधिकारी अजयसिंह के अनुसार पीड़ित मगनलाल परमार निवासी चुण्डावाड़ा हाल न्यू कॉलोनी डूंगरपुर ने 6 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया था कि 25 मार्च की शाम वे परिवार सहित रिश्तेदारी में गए थे। अगले दिन 26 मार्च को सुबह घर लौटने पर उन्हें सामान बिखरा मिला और जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर सोने-चांदी के जेवर, गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना और पारंपरिक पुलिसिंग के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों बाल अपचारियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक गैंग बनाकर दिन में बंद मकानों की रेकी करते थे और रात में ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। चोरी के बाद वे सामान आपस में बांटकर खर्च कर देते थे। पुलिस ने आरोपियों से सोने की चेन, चांदी के जेवर और कड़े सहित अन्य सामान बरामद किया है। यह भी पता चला है कि इनमें से एक बाल अपचारी के खिलाफ पहले भी चोरी के दो मामले दर्ज हैं। आरोपियों ने आजाद नगर और अन्य क्षेत्रों में हुई चोरी व चोरी के प्रयास की वारदातों को भी कबूल किया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।