डूंगरपुर में शुक्रवार को अजमेर डिस्कॉम के तहत आने वाले पांच जीएसएस से जुड़े गांवों में पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। यह कटौती 33 केवी दोवड़ा लाइन पर निर्धारित रखरखाव कार्य के कारण की जाएगी। एवीवीएनएल दोवड़ा के सहायक अभियंता ने बताया कि 33 केवी दोवड़ा लाइन पर आवश्यक रखरखाव एवं सुधार कार्य के लिए यह अस्थायी शटडाउन लिया जा रहा है। सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक, 33/11 केवी जीएसएस खेड़ा, बस्सी, आंतरी, शंकरघाटी और कहारी से जुड़े सभी 11 केवी फीडरों पर विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। इस दौरान इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। सहायक अभियंता ने स्पष्ट किया कि यह कार्य भविष्य में निर्बाध और बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। कार्य पूर्ण होते ही विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल कर दी जाएगी। डिस्कॉम ने संबंधित क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले अपने आवश्यक कार्य निपटा लें।