डीडवाना के सूपका रोड स्थित श्यामबाबा हनुमान-घाट बगीची मंदिर में 28 फरवरी को बाबा श्याम का भव्य दरबार सजेगा। इस अवसर पर श्याम निशान यात्रा और फागोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन समिति के अनुसार, श्याम निशान पदयात्रा सुबह 9 बजे शीतल कुण्ड बालाजी मंदिर से शुरू होगी। श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए हनुमान-घाट बगीची मंदिर पहुंचेंगे। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया जाएगा। दोपहर 2 बजे से मंदिर परिसर में फागोत्सव का आयोजन होगा। इस दौरान खाटू श्याम का विशेष श्रृंगार कर दर्शन कराए जाएंगे। इत्र और फूलों की होली कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होगी, जिसमें भक्त बाबा के दरबार में गुलाल और पुष्प अर्पित करेंगे। भजनों की प्रस्तुति से वातावरण भक्तिमय रहेगा। आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, छाया और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें सभी भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे।
समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर बाबा श्याम का आशीर्वाद लेने की अपील की है।