डीडवाना में राजस्थान दिवस समारोह के उपलक्ष्य में रविवार को ‘विकसित राजस्थान रन-2026’ का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस दौड़ का उद्देश्य प्रदेश के विकास और जनभागीदारी का संदेश देना था। यह दौड़ डीडवाना स्थित राजकीय बांगड़ अस्पताल चौराहा से शुरू होकर पंडित बच्छराज व्यास स्कूल तक आयोजित की गई। इसमें जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी भाग लिया।
दौड़ में पुलिस के जवानों, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, महिलाओं और आमजन ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली, एकता और प्रदेश के समग्र विकास के संकल्प का संदेश दिया। पूरे मार्ग में उत्साहपूर्ण माहौल रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने इस पहल की सराहना की। जिला प्रशासन ने बताया कि ऐसे आयोजनों का लक्ष्य लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ विकसित राजस्थान के संकल्प को मजबूत करना है।
