डीडवाना शहर के साल्ट रोड इलाके में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान साल्ट रोड निवासी कालूराम सांसी (35) पुत्र चोथुराम के रूप में हुई है। घटना का पता चलते ही परिजन उसे तुरंत राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। इसके बाद परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई पूरी कर शव अंतिम संस्कार के लिए उन्हें सौंप दिया गया। परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कालूराम पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका उपचार चल रहा था। प्रारंभिक तौर पर उसकी मानसिक स्थिति को ही इस आत्मघाती कदम का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।