डीग शहर के बस स्टैंड के पीछे स्थित सरकारी पार्क और शास्त्री कॉलोनी में देवस्थान की भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद ने सख्त कार्रवाई की है। परिषद ने जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। जानकारी के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने संभागीय आयुक्त को परिवाद दिया था। इसमें बताया गया था कि बस स्टैंड के पीछे सरकारी पार्क की जमीन और शास्त्री कॉलोनी स्थित देवस्थान की भूमि पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है। शिकायत में यह भी उल्लेख था कि रास्ते के बीचों-बीच देसी जुगाड़ से एक लिफ्ट लगा दी गई थी। इससे आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी हो रही थी और हादसे की आशंका बनी हुई थी। शिकायत में लोकेश पुत्र मोहन और राहुल देव पुत्र विष्णु देव पर अतिक्रमण का आरोप लगाया गया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि रास्ते में लगी लिफ्ट के कारण आवाजाही बाधित हो रही थी और दुर्घटना का खतरा बढ़ गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह के निर्देश पर अतिक्रमण प्रभारी राजवीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कराया और रास्ते को पूरी तरह साफ करवाया। नगर परिषद की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत महसूस की है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थल की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना आवश्यक था, ताकि आम जनता को परेशानी न हो। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
