डीग में राजस्थान दिवस उत्सव 2026 और नव संवत्सर के अवसर पर रविवार, 15 मार्च 2026 को पांच दिवसीय पंच गौरव महोत्सव और एक जिला एक उत्पाद (ODOP) प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। डीग स्थित नेहरू पार्क में आयोजित इस जिला-स्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन गृह, गौपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह के बाद मीडिया और जनसमूह को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने बताया कि 19 मार्च को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर राजस्थान दिवस मनाया जाएगा। 19 मार्च से नया संवत्सर शुरू हो रहा है, जिसके उपलक्ष्य में पांच दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों की शुरुआत कल स्वच्छता अभियान से हुई थी।
बेढ़म ने स्पष्ट किया कि पंच गौरव प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य जिले के मजदूरों, दस्तकारों और उत्पादनकर्ताओं को एक मंच प्रदान करना है। इसका लक्ष्य उनके उत्कृष्ट उत्पादों को आमजन तक पहुंचाना और उन्हें विकसित होने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि यह पांच दिवसीय आयोजन जिले की सांस्कृतिक, औद्योगिक और खेल प्रतिभाओं को निखारने का माध्यम बनेगा।
मंत्री बेढ़म ने सभी प्रदेशवासियों को राजस्थान दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और आमजन से इस उत्सव में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।