डीग जिले में चोरी की वारदातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बाइक चोरी के दो गिरोहों का खुलासा कर 9 चोरी की बाइक बरामद की हैं। कोतवाली डीग और खोह थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से अलग-अलग मामलों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 2 विधि से संघर्षरत किशोरों को निरुद्ध किया। वहीं, कामां में किराना दुकान से चोरी के मामले में भी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के बाद आरोपियों को बाजार में घुमाने का वीडियो सामने आया है, जिसमें आरोपी बिना चेहरा ढके नजर आ रहे हैं। कोतवाली और खोह पुलिस की कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देशन में की गई कार्रवाई के तहत कोतवाली डीग पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की पांच बाइक बरामद कीं। वहीं, खोह थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और दो विधि से संघर्षरत किशोरों को निरुद्ध किया। खोह पुलिस ने इस कार्रवाई में चोरी की चार बाइक जब्त कीं। दोनों थाना क्षेत्रों की कार्रवाई में कुल 9 बाइक बरामद हुईं। 25 हजार रुपए का इनामी बदमाश हथियार सहित गिरफ्तार पुलिस के अनुसार, खोह थाना पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश असलम उर्फ बच्ची को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कामां में किराना दुकान में चोरी के मामले में तीन गिरफ्तार कामां में किराना दुकान से चोरी के मामले में भी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद आरोपियों को बाजार में घुमाने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में आरोपी बिना चेहरा ढके नजर आ रहे हैं। जिले में चोरी के मामलों में पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच यह वीडियो चर्चा में है।