डीआईजी अजय सिंह ने शनिवार को जिला पुलिस का वार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस लाइन में आयोजित सेरेमोनियल परेड की सलामी ली और उसका निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि डीआईजी अजय सिंह शुक्रवार देर रात धौलपुर पहुंचे थे। शनिवार सुबह उन्होंने पुलिस लाइन में आयोजित सेरेमोनियल परेड की सलामी ली और उसका निरीक्षण किया। परेड का नेतृत्व स्वयं पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने किया। परेड के बाद डीआईजी ने पीटी सहित विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने क्राइम सीन प्रबंधन, नाकाबंदी और बलवा नियंत्रण जैसी स्थितियों में पुलिस की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों व जवानों के साथ एक संपर्क सभा आयोजित की गई। इसमें पुलिस कार्यप्रणाली, अनुशासन और बेहतर कार्य निष्पादन को लेकर चर्चा हुई। अपने दौरे के दौरान डीआईजी अजय सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां उन्हें पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निरीक्षण के समय पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान उनके साथ मौजूद रहे। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।
