बारां जिले के केलवाड़ा थानाक्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर रविवार को बलाचार कट के पास एक अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दुर्घटना में उदयपुर निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी, बेटा और दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। थानाधिकारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब कार तेज गति से हाईवे से गुजर रही थी। बलाचार कट के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना में उदयपुर जिले के बुहाना निवासी निरंजन सिंह (50) पुत्र परमेश्वर सिंह की उपचार से पहले ही मौत हो गई। उसकी पत्नी कविता (43), बेटा गौतम (25), और बेटियां वर्षा (20) व कोमल (22) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बारां जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार यह परिवार बिहार में अपने रिश्तेदारों से मिलकर वापस घर लौट रहा था, तभी केलवाड़ा के पास यह हादसा हो गया। पुलिस ने मृतक निरंजन सिंह का शव केलवाड़ा अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, उनके पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।