ड्रग कंट्रोल डिपार्टमेंट ने आज एक इंजेक्शन की जांच रिपोर्ट फेल आने के बाद उस इंजेक्शन की बिक्री और उपयोग पर रोक लगाई है। ये इंजेक्शन महिलाओं को डिलीवरी के समय लगाया जाता है, ताकि प्रसव पीड़ा शुरू हो सके और बच्चे के जन्म के बाद गर्भाश्य से होने वाली अत्याधिक ब्लीडिंग (रक्तस्त्राव) को रोका जा सके। ड्रग कंट्रोलर अजय फाटक ने बताया- मैसर्स जैक्सन लेबोरेट्रिज प्रा.लि. (अमृतसर, पंजाब) का बाजार में बिकने वाला इंजेक्शन TOCIN (ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन 5ml) का सैंपल जांच में फेल साबित हुआ है। इजेक्शन में मौजूद ऑक्सीटोसिन कॉम्पोनेंट ही पर्याप्त मात्रा में नहीं मिला है। उन्होनें बताया- इंजेक्शन के पर्याप्त मात्रा में कॉम्पोनेंट नहीं होने से ये उपयोग में हानिकारक हो सकता है। इसे देखते हुए हमने इस कंपनी के इस इजेंक्शन के बैच को बाजार में बिक्री और उपयोग के लिए रोक लगा दी है। साथ ही कंपनी की तरफ से बनाई जाने वाली दूसरी दवाईयों और इसी इंजेक्शन के अन्य बैच के सैंपल भी जांचने के निर्देश दिए है।
