बूंदी के डाबी क्षेत्र में सोमवार रात एक नवजात शिशु लावारिस हालत में सड़क किनारे मिला। पावर हाउस आबादी में पावर हाउस के सामने वाली गली में मिले इस शिशु को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना रात करीब 10 बजे की है। एक महिला शौच के लिए जा रही थी, तभी उसकी नजर सड़क किनारे पत्थरों के पास पड़े नवजात पर पड़ी। महिला ने तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर एएसआई जितेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने नवजात को अपने संरक्षण में लिया और तत्काल डाबी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां बच्चे को प्राथमिक इलाज दिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद नवजात की हालत गंभीर होने के कारण उसे कोटा के जेके लोन अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल बच्चे का इलाज जारी है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है। आसपास के घरों और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही, स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर नवजात को छोड़ने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का भरोसा दिलाया है। कंटेंट: शंकर सिंह डाबी

You missed