पुलिस ने डम्मी पिस्टल दिखाकर राहगीरों और कार सवारों को लूटने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से दो सोने की चेन, चार मोबाइल, एक लैपटॉप, वारदातों में इस्तेमाल की गई डम्मी पिस्टल और कार बरामद की गई है। आरोपियों की पहचान गुरविंदर सिंह उर्फ गुरी (33), बिक्रम सिंह उर्फ गोरा (26) और हरमनप्रीत सिंह उर्फ गगना (31) के रूप में हुई है। तीनों आरोपी लुधियाना जिले के माछीवाड़ा साहिब क्षेत्र के रहने वाले हैं। एसपी (इन्वेस्टिगेशन) सौरव जिंदल ने बताया कि सेक्टर-125 के रहने वाले रोहित जोहन 25-26 नवंबर की रात वह अपने दोस्त अतुल शर्मा के साथ सेक्टर-84 मोहाली रोड पर खड़ा था कि तभी डस्टर कार में तीन युवक आए और पिस्टल दिखाकर उनसे सोने की चेन, आईफोन, पर्स और उनकी क्रेटा कार लूटकर फरार हो गए। लूटी गई कार बाद में समराला इलाके से लावारिस हालत में बरामद कर ली गई। गगना 10वीं पास है और बाकी दोनों 12वीं पास हैं। उनके मन में था कि पैसा जल्द कमाकर अमीर बनना है इसलिए उन्होंने डमी पिस्टल खरीदकर उससे लोगों को डराना शुरू कर दिया।
