जयपुर हादसे के दो दिन बाद धौलपुर में तेज रफ्तार एक डंपर ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल मामा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसा बुधवार दोपहर करीब 3 बजे हाईवे-44 (आगरा-मुंबई) पर मनियां थाना इलाके में हुआ। बाइक सवार उत्तर प्रदेश से मध्य प्रदेश जा रहे थे। बाइक से मध्य प्रदेश जा रहे थे
मनियां थाना प्रभारी उदय चंद मीना ने बताया- मनोज (38) अपनी भांजी लाडो उर्फ खुशबू (26) और उसकी बेटी रिया (2) के साथ बाइक पर जा रहा था। वह लाडो के मायके सैयां, आगरा (यूपी) से अपने गांव मुरैना (मध्य प्रदेश) जा रहा था। मनियां थाना क्षेत्र में पहुंचने पर पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। डंपर की चपेट में आने से तीनों लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया, जबकि मनोज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बीमार मां से मिलने आई थी महिला
लाडो की शादी साल 2021 में उसके मामा मनोज ने ही की थी। लाडो अपने ससुराल रूपवास (भरतपुर) से आज सुबह ही यूपी के आगरा जिले के सैयां कस्बे में अपनी बीमार मां को देखने के लिए आई थी। इसी दौरान मनोज भी अपनी बहन को देखने के लिए पहुंचा था। वहां से वह भांजी लाडो और उसकी बेटी रिया को अपने साथ मुरैना (मध्य प्रदेश) ले जा रहा था। लाडो का पति राजा ठाकुर खेती-बाड़ी करता है। मनोज भी खेती करता था। पुलिस ने डंपर जब्त किया, युवक को पकड़ा
डंपर ड्राइवर आगरा में गिट्‌टी खाली करके धौलपुर लौट रहा था। पुलिस ने मौके पर ही डंपर को जब्त कर एक युवक को राउंडअप किया है। वह खुद को हेल्पर बता रहा है। पुलिस ने डंपर मालिक को बुलाया है। उसके आने के बाद ही पता चलेगा कि वह हेल्पर है या ड्राइवर। एसपी-डीटीओ ने हाईवे पर पकड़े बिना नंबर के डंपर
हादसे के बाद धौलपुर एसपी विकास सांगवान और धौलपुर परिवहन अधिकारी गौरव यादव ने आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर डंपरों को रोककर चेक किया। करीब एक दर्जन डंपरों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस हाईवे पर रोज गिट्टी और डस्ट से भरे 100 से अधिक डंपर बेतहाशा दौड़ते हैं, जिनकी चपेट में आने से पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है। डंपर ग्वालियर (मध्य प्रदेश) से गिट्टी और डस्ट लेकर आगरा (उत्तर प्रदेश) की ओर जाते हैं। … यह खबर भी पढ़ें… 13 लोगों को मारने वाला ड्राइवर बोला-मुझसे गलती हो गई:जयपुर में 17 गाड़ियों को कुचला था, पुलिस ने किया गिरफ्तार; कहा-मुझे बचा लो जयपुर में 13 लोगों को कुचलकर मारने वाले डंपर ड्राइवर कल्याण मीणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इस दौरान आरोपी ने पुलिस से बचाने की गुहार लगाई। बोला गलती हो गई है, मुझे बचा लो। (पूरी खबर पढ़ें)