जोधपुर में सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग से परेशान होकर महिला इन्फ्लूएंसर अनीता बिश्नोई ने घर में जहर पी लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें तुरंत मथुरादास माथुर (MDM) हॉस्पिटल में भर्ती करवाया, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे बनाड़ थाना क्षेत्र के शिकारगढ़ स्थित गोदारों की ढाणी (बालाजी फार्म हाउस) की है। इन्फ्लूएंसर (कंटेंट क्रिएटर) अनीता ने यह कदम उठाने से करीब 5 घंटे पहले सोशल मीडिया (फेसबुक) पर एक पोस्ट भी किया था। इसमें लिखा था- “आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी।” अनीता के पति दीनाराम ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कुछ इन्फ्लूएंसर लगातार टारगेट करके मेरी पत्नी अनीता को परेशान कर रहे थे। इसके चलते अनीता यह कदम उठाया। दरअसल, अनीता ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर एक वीडियो शेयर किया था। वीडियो में अनीता ने कहा था- कपड़े हो गए छोटे तो शर्म कहां से आएगी। इस लाइन को लेकर अनीता को करीब 15 दिन से ट्रोल किया जा रहा था। उन्हें अश्लील कमेंट किए जा रहे थे। सूचना पर बनाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अनीता के बेहोश होने के कारण उनके बयान दर्ज नहीं कर पाई है। अब देखिए, जहर पीने से पहले इन्फ्लूएंसर का पोस्ट… पति बोला- कुछ इन्फ्लूएंसर बदनाम करने की धमकी दे रहे थे पति दीनाराम ने बताया- पत्नी अनीता सोशल मीडिया पर अलग-अलग वीडियो बनाती है, जिसमें राजस्थान की संस्कृति से लेकर जागरूकता का संदेश भी शामिल रहता है। बीते कुछ दिनों से उसे सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा था। उसने एक वीडियो बनाया था, जिसमें महिलाओं की वेशभूषा का जिक्र किया था। इसी बात को लेकर उसे लगातार ट्रोल किया जाने लगा। पति ने कुछ इन्फ्लूएंसर पर आरोप लगाया कि वो लोग जानबूझकर मेरी पत्नी को टारगेट करते थे। इससे वह काफी परेशान थी। वॉट्सएप मैसेज के जरिए भी कुछ इन्फ्लूएंसर उसको बदनाम करने की धमकियां दे रहे थे। हालांकि एक बार मैंने इस पूरे प्रकरण को लेकर थाने में रिपोर्ट देने काे कहा भी था, लेकिन अनीता ने मना कर दिया था। कहा था- ‘मैं किसी से डरती नहीं हूं।’ लेकिन आखिरकार अनीता हिम्मत हार गई। ‘छोटे कपड़े का बोल दिया तो क्या गलत कहा’ चार दिन पहले इन्फ्लूएंसर ने अपने यूट्यूब चैनल अनीता मारवाड़ी पर इस ट्रोलिंग को लेकर वीडियो बनाया था। इस वीडियो में कहा था कि छोटे कपड़े का बोल दिया तो क्या गलत कह दिया है। मुझे ट्रोल कर रही है तो हमारे पहनावे के बारे में तुम क्या जानती हो। हमारे कपड़ों से हमारी पहचान है। इसे देखते ही लोग कह देते हैं, तुम राजस्थान की हो क्या? मुझे क्या ट्रोल करते हो। मेरी रील्स देखो.. छोटे कपड़ों में एक भी मेरी ​रील आ जाए तो मुझे बता देना। मैंने इसलिए रील बनाई ताकि ये सब बंद हो जाए। सभी पढ़ी-लिखी औरतें एक जैसी नहीं होती। मैंने सभी औरतों के लिए नहीं बनाया। इसे आप दिल पर मत लेना। मैं किस बात की माफी मांगू। मैंने कुछ गलत नहीं किया। घटना के वक्त घर पर नहीं था पति दीनाराम ने बताया- हम बनाड़ थाना क्षेत्र के शिकारगढ़ रोड की तरफ रहते हैं। घटना के समय मैं अपने भाई के घर गया हुआ था। तभी किसी परिचित ने फोन करके बताया कि अनीता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है। इसमें बताया कि आज के बाद आपकी बहन इस दुनिया में नहीं दिखेगी। इस पर मैं तुरंत अपने घर पहुंचा। तब तक अनीता ने घर में रखा जहर पी लिया। मैं उसे लेकर तुरंत जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल पहुंचा।