हनुमानगढ़ में ट्रैक्टर रैली निकाल रहे किसानों ने बुधवार को पुलिस के बैरिकेड्स तोड़ दिए। किसानों की पुलिस से झड़प भी हो गई। किसान अटल भूजल योजना के तहत निर्मित डिग्गियों की बकाया अनुदान राशि का लंबे समय से भुगतान नहीं होने से नाराज थे। रैली टाउन धानमंडी से शुरू हुई थी। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की। इससे गुस्साए किसानों ने बैरिकेड्स धकेलकर फेंक दिए। इसके बाद ट्रैक्टर रैली जंक्शन और टाउन क्षेत्रों से होते हुए भारतमाता चौक के पास समाप्त हुई। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बकाया अनुदान राशि जल्दी जारी करने की मांग दोहराई। किसानों ने कहा कि अब आर-पार की लड़ाई होगी। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पहले देखिए, प्रदर्शन की 4 PHOTOS… बकाया अनुदान जल्द जारी करने की मांग किसानों का आरोप है कि उन्होंने अटल भूजल योजना के तहत डिग्गियां बनाने के लिए ऋण लिया था। योजना के तहत मिलने वाली अनुदान राशि का भुगतान नहीं होने के कारण वे अब ब्याज और कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं। किसानों ने सरकार से जल्द बकाया अनुदान जारी कर उन्हें राहत प्रदान करने की मांग की। किसान बोले- अब आर-पार की लड़ाई होगी किसान नेता रायसाहब पचार और रेशम सिंह मानुका ने बताया- हम अपनी मांगों को लेकर जिला कलेक्टर, एडीएम, मंत्री और किसान आयोग अध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारियों को कई बार ज्ञापन सौंप चुके हैं। हालांकि हमारी समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ है। नेताओं ने कहा कि किसानों के पास अब ‘आर-पार की लड़ाई’ के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है। किसानों ने स्पष्ट किया कि चुनाव के समय प्रदर्शन करना उनकी मजबूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार अब भी उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
