नसीराबाद-ब्यावर मार्ग पर भवानीखेड़ा गांव के आगे राजगढ़ तिराहे के पास मंगलवार शाम करीब चार बजे एक पिकअप जीप और ट्रेलर की टक्कर हो गई। जिसमें पिकअप जीप चालक सहित दो लोगों की मृत्यु हो गई। पिकअप में सवार 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नसीराबाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक सहित सभी घायल मजदूरी के लिए जयपुर जा रहे थे और ब्यावर से पिकअप में लिफ्ट लेकर बैठे थे। जानकारी के अनुसार -पिकअप जीप ब्यावर से नसीराबाद की ओर से आ रही थी। इसी दौरान पिकअप व ट्रेलर में भिड़न्त हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। देखा तो पाया कि दुर्घटना में पिकअप चालक अलीमपुरा मेदवास टौंक निवासी बीरम सिंह पुत्र श्रीलाल और ग्राम लोधो का बाड़िया, ब्यावर निवासी सीतू सिंह पुत्र छोटू सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना में ग्राम लोधो का बाड़िया, ब्यावर निवासी प्रकाश पुत्र गिरधारी, शंकर पुत्र भंवरसिंह, रणजीत पुत्र सोहन सिंह और नयागांव कास्या निवासी भंवरी पत्नी अमरसिंह घायल हो गए। जिन्हें 108 एंबुलैंस की सहायता से नसीराबाद के राजकीय अस्पताल पंहुचाया गया। सूचना मिलने पर नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंची। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर लिया और जांच में जुटी है। (इनपुट-सुधीर मित्तल, रियाज अहमद)