नागौर में ट्रेलर ने स्कूटी सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सेना से रिटायर्ड पति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान वहां मौजूद आर्मी मेडिकल कॉर्प्स में तैनात सूबेदार ने घायल पूर्व सैनिक को एक मिनट तक CPR देकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पूर्व सैनिक को रेण हॉस्पिटल में भर्ती करवाया, जहां से पूर्व सैनिक को अजमेर रेफर कर दिया गया। हादसा रेण आरओबी के पास सोमवार रात 7:45 बजे हुआ था। गूंदा की ढाणी निवासी गीता (58) और उनके पति हरिशचंद्र (62) स्कूटी से आ रहे थे। ट्रेलर ने घर से एक किलोमीटर पहले टक्कर मार दी।
बेटियों से मिलकर लौट रही थी महिला रेण चौकी प्रभारी रामप्रकाश टाक ने बताया- गूंदा की ढाणी निवासी हरिशचंद्र (62) सेना से 15 साल पहले रिटायर्ड हुए हैं। उनकी तीन बेटियां कांता, ललिता, लिछमा हैं, तीनों कुचामन में एक कोचिंग में पढ़ाती हैं। मां गीता अपनी बेटियों से मिलने कुचामन गई थीं। शाम को ट्रेन से रेण लौटीं। पति हरिशचंद्र स्कूटी लेकर गीता को लेने रेण स्टेशन गए थे। घर लौटते समय रेण ROB से 150 मीटर दूर थला की ढाणी से गूंदा की ढाणी जाने वाले रास्ते के पास ट्रेलर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी और गीता को कुचल दिया। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया। गीता की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं पति हरिशचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे आर्मी मेडिकल कॉर्प्स में तैनात सूबेदार रणजीत ने घायल व्यक्ति को संभाला। हरिशचंद्र के मुंह में भरे खून को साफ किया और सीपीआर दी, साथ ही एंबुलेंस को सूचना दी। सूबेदार बोले-सड़क पर पड़े थे पति-पत्नी सूबेदार रणजीत ने बताया- मैं छुट्टी पर आया हूं। रात में रेण से घर जा रहा था। इसी दौरान थलां की ढाणी ओवरब्रिज के नीचे मुझे तेज आवाज सुनाई दी। वहां जाकर देखा तो पति-पत्नी सड़क पर पड़े थे। बुजुर्ग व्यक्ति घायल थे, जिसके बाद मैंने उनका खून से भरा मुंह साफ किया और सीपीआर दी। सूचना देकर एंबुलेंस को मौके पर बुलाया गया। घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेण ले जाया गया। इसके बाद अजमेर रेफर किया गया। …………………. ये खबर भी पढ़ें… बेटे के सामने बदमाशों ने मां को कार से कुचला:दो बार स्विफ्ट चढ़ाई, तड़प-तड़पकर मौत; 5 लाख रुपए के लेन-देन में गारंटर थी महिला भीलवाड़ा जिले में 5 लाख रुपए के लेन-देन में गारंटर बनी महिला की बदमाशों ने उसके बेटे के सामने कार से कुचलकर हत्या कर दी। बदमाशों ने जाते- जाते महिला के बेटे को भी जान से मारने की धमकी दी। (पूरी खबर पढ़ें)