डूंगरपुर में उदयपुर-असारवा एक्सप्रेस ट्रेन से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हुए एक बुजुर्ग यात्री की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। यह घटना बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में सामने आई है। सेमारी निवासी शांतिलाल अपने भांजे रामदेव के साथ उदयपुर-असारवा एक्सप्रेस ट्रेन से अहमदाबाद जा रहे थे। सेमारी स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ते समय वे और उनके भांजे अलग-अलग कोच में सवार हो गए थे। बिछीवाड़ा रेलवे स्टेशन से ट्रेन के रवाना होते समय शांतिलाल अचानक ट्रेन के नीचे आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों और उनके भांजे ने तुरंत उन्हें ट्रेन के नीचे से निकाला। एम्बुलेंस की मदद से उन्हें नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें डूंगरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया था। डूंगरपुर अस्पताल में इलाज के दौरान शांतिलाल ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी (GRP) थाना डूंगरपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।