इंडिगो एयरलाइंस की लगातार रद्द हो रही फ्लाइट्स के बाद ट्रेनों में भीड़ बढ़ गई। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दिल्ली-मुंबई रूट पर स्पेशल ट्रेनें चलाई गई है। इधर, सोमवार को जयपुर, उदयपुर और जोधपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो की कुल 19 फ्लाइट रद्द हुईं। वहीं दिल्ली से जयपुर आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX – 2843) भी सोमवार को रद्द हुई। इंडिगो की जयपुर एयरपोर्ट पर 10 और जोधपुर एयरपोर्ट पर 6 फ्लाइट रद्द हुईं। इंडिगो ने दिल्ली-उदयपुर और उदयपुर-दिल्ली रूट पर चलने वाली फ्लाइट को 8 से 14 दिसंबर तक के लिए कैंसिल कर दिया है। इनमें आज 3 फ्लाइट रद्द की गईं। उदयपुर में 4 दिन (5 से 8 दिसंबर) में कुल 28 फ्लाइट रद्द हुई हैं। जयपुर एयरपोर्ट पर 1 से 8 दिसंबर तक 100 से ज्यादा फ्लाइट रद्द हो चुकी हैं। इससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। यात्री बोले- मजबूरन नई फ्लाइट बुक करनी पड़ रही
एयरलाइन अधिकारियों के अनुसार, यह निर्णय तकनीकी और शेड्यूल व्यवस्थाओं के चलते लिया गया, जिसे जल्द भविष्य में सुधार लिया जाएगा। वहीं जयपुर एयरपोर्ट पर लगातार फ्लाइट रद्द होने से पैसेंजर्स को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा। कुछ को मजबूरन नई फ्लाइट बुक करनी पड़ी या अगले उपलब्ध विकल्प का इंतजार करना पड़ा। यात्रियों ने सोशल मीडिया पर एयरलाइंस पर समय पर जानकारी न देने और खराब ग्राहक सेवा का आरोप लगाया, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई। एयरलाइंस अधिकारियों के अनुसार, इसका कारण एयरलाइंस की क्रू की कमी, ऑपरेशनल गड़बड़ी और तकनीकी समस्याएं हैं। इसे दुरुस्त होने में फिलहाल थोड़ा वक्त लग सकता है। वहीं एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी फ्लाइट की स्थिति एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट या कस्टमर केयर पर चेक कर लें, ताकि आखिरी समय की परेशानी से बचा जा सके। रेलवे ने यात्रियों के लिए चलाई स्पेशल ट्रेन
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशिकिरण ने बताया- फ्लाइट्स रद्द होने से यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ गई है। इसलिए सभी स्पेशल ट्रेनों में एसी, थर्ड एसी, स्लीपर और जनरल कोचों की संख्या बढ़ाई गई हैं, ताकि किसी भी यात्री को सीट के लिए परेशानी न हो। अजमेर से बांद्रा के लिए आज से स्पेशल ट्रेन
अजमेर से बांद्रा टर्मिनस के लिए पहली स्पेशल ट्रेन (09603) मदार (अजमेर) से सोमवार शाम 6:45 बजे रवाना होगी। यह मंगलवार दोपहर 4:30 बजे बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी। यह ट्रेन किशनगढ़, दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, रतलाम, वडोदरा, सूरत, नवसारी, वलसाड, वापी और बोरीवली स्टेशन पर रुकेगी। ट्रेन में 22 कोच लगाए हैं, जिनमें सेकेंड एसी, थर्ड एसी, थर्ड एसी इकोनॉमी, स्लीपर और जनरल कोच शामिल हैं। वापसी में स्पेशल ट्रेन (09604) मंगलवार शाम 7:25 बजे बांद्रा टर्मिनस से रवाना होगी। बुधवार दोपहर 3:10 बजे दुर्गापुरा (जयपुर) पहुंचेगी। मुंबई सेंट्रल-भिवानी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन कल से
मुंबई सेंट्रल से भिवानी रूट पर मुंबई सेंट्रल-भिवानी सुपरफास्ट स्पेशल (09001/09002) शुरू की जा रही है। यह ट्रेन 9 से 30 दिसंबर तक चलेगी। यह ट्रेन हर मंगलवार और शुक्रवार को मुंबई सेंट्रल से रवाना होगी, जबकि भिवानी से हर बुधवार और शनिवार को रवाना होगी। इस दौरान कुल 14 यात्राएं होंगी। रास्ते में यह बोरीवली, पालघर, वापी, वलसाड, सूरत, भरूच, वडोदरा, रतलाम, मंदसौर, नीमच और चित्तौड़गढ़ में रुकेगी। अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर, रेवाड़ी और चरखी दादरी जैसे स्टेशनों पर भी इसका ठहराव होगा। मुंबई-दिल्ली रूट पर स्पेशल ट्रेन
मुंबई सेंट्रल-शकूर बस्ती सुपरफास्ट स्पेशल (09003/09004) आठ से 29 दिसंबर के बीच मुंबई से रोज (मंगलवार और शुक्रवार को छोड़कर) चलेगी। वापसी में यह ट्रेन 9 से 30 दिसंबर के बीच शकूर बस्ती से प्रतिदिन (बुधवार और शनिवार को छोड़कर) रवाना होगी। इस ट्रेन की कुल 32 यात्राएं होंगी। यह ट्रेन मध्य प्रदेश और राजस्थान के प्रमुख स्टेशनों के साथ जयपुर और दिल्ली के यात्रियों को सीधा कनेक्शन प्रदान करेगी। जयपुर-बांद्रा रूट पर स्पेशल ट्रेन
दुर्गापुरा-बांद्रा सुपरफास्ट स्पेशल (09729/09730) सात दिसंबर से शुरू हो गई है। 8 दिसंबर को यह बांद्रा से चलेगी। इस ट्रेन में फर्स्ट एसी, एसी-2 टियर, एसी-3 टियर, स्लीपर और जनरल कोच लगाए जाएंगे। यह ट्रेन राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात से होकर मुंबई पहुंचेगी। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने में मदद करेगी। ———– जयपुर एयरपोर्ट से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… जयपुर एयरपोर्ट पर फंसे पैसेंजर्स, 22 फ्लाइट रद्द:यात्री बोले- कोई जवाब नहीं मिल रहा, कई उड़ानें 5 घंटे तक लेट इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट कैंसिल होने का सिलसिला रविवार को भी जारी रहा। रविवार (7 दिसंबर) को जयपुर एयरपोर्ट से आने-जाने वाली 22 फ्लाइट कैंसिल कर दी गई। जयपुर से बाहर जाने के लिए पैसेंजर्स बसों में फ्लाइट जितना किराया दिया। पढ़ें पूरी खबर