स्कूल से घर जा रहे तीन सगे भाई- बहन को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में एक भाई की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं गंभीर घायल दूसरे भाई को जोधपुर और बहन को इलाज के लिए बाड़मेर रेफर किया गया है। हादसा बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना थाना इलाके में बाछड़ाऊ-बामणोर गांव रोड शाम करीब 5 बजे हुआ। सूचना पर धोरीमन्ना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ड्राइवर को पकड़ लिया है। हैड कॉन्स्टेबल वीरम खान ने बताया- बाछड़ाऊ निवासी भभूताराम (17) पुत्र भोमाराम, उसका भाई जूंजाराम (10) और बहन ममता (13) तीनों एक ही सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। शाम को स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों पैदल-पैदल घर की तरफ जा रहे थे। इस दौरान बाछड़ाऊ-बामणोर गांव रोड पर एक ट्रक ने तीनों को टक्कर मार दी। इससे भभूताराम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके छोटे भाई जूंजाराम व बहन ममता दोनों गंभीर घायल हो गए। घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद बाड़मेर हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया, जहां से भाई को जोधपुर रेफर किया गया है। मृतकों के चाचा मानाराम पुत्र खेताराम की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले में आरोपी ट्रक ड्राइवर को पकड़ लिया है। ट्रक को जब्त कर लिया है। पोस्टमॉर्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे की जांच जारी है। इनपुट : दिनेश ढाका
