कोटा के दरा के पास आमझर क्षेत्र में एक सड़क हादसे में पिता की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना तब हुई जब वे डोलिया गांव स्थित माताजी के मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। चेचट थाना क्षेत्र के कवरपुरा निवासी मोहन लोधा (35) अपने पुत्र हरीओम (16) के साथ बाइक पर थे। आमझर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और प्राथमिक इलाज के बाद दोनों घायलों को झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार के दौरान मोहन लोधा ने दम तोड़ दिया। वहीं, पुत्र हरीओम की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। घटना के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।