टोंक के हमीरिया गांव में दोपहर को तालाब में छांट भरने गए करीब 150 लोगों ने एक परिवार के घर पर हमला कर दिया। पीड़ित परिवार ने अपने घर के दरवाजे की अंदर से कुंडी लगाकर जान बचाई और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पीपलू थाना क्षेत्र की बनवाड़ा पुलिस चौकी से चार पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार के 4 सदस्यों की जान बचाईं। पुलिसकर्मियों ने हमलावरों में शामिल लोगों से समझाइश की, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। उधर इस मामले को लेकर समाने आया है कि लोगों की भीड़ में पीड़ित मकान को अतिक्रमण मानकर इस पर हमला किया है। हमलावरों ने मकान के आगे रखी किराना सामान से भरी केबिन में आग लगा दी। इससे केबिन जल गई और उसमें रखे करीब 30 हजार रुपए समेत अन्य सामान और दो लाख रुपए की उधार के हिसाब की डायरी जल गई। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को डिटेन किया है। पीड़ित परिवार की महिला गंगा देवी पत्नी स्वर्गीय संपत माली ने पीपलू थाने में रिपोर्ट दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रिपोर्ट में बताया कि एक समाज के करीब 100 से 150 लोगों ने मेरे परिवार पर पत्थरों से हमला किया। उसके बाद पास में स्थित किराना सामान से भरी केबिन में पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। करीब 150 लोगों की भीड़ के सामने तीन-चार पुलिस कर्मी मूकदर्शक होकर रह गए। भीड़ ने केबिन में पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। बाद में पुलिस जाप्ता मौके पर गया और लोगों को इधर उधर किया। पीपल थाना अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने अब तक पांच लोगों को डिटेन कर लिया है अन्य नामजद लोगों की तलाश जारी है। मौके पर पुलिस जाप्ता तैनात है।