टोंक शहर में रविवार को पुलिस एक्शन मोड में नजर आई। पुलिस ने 2 दिन पहले हुई घटना के बाद ड्रोन सर्वे किया, जिसमें ऐसे घरों को चिन्हित किया गया, जहां पत्थर रखे गए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने सभी 20 मकान मालिकों को नोटिस देकर 3 दिन में छतों से पत्थर हटाने के निर्देश दिए। साथ ही ऐसा नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। दरअसल, 6 मार्च की देर रात देशवाली मोहल्ले में कहासुनी के बाद दो पक्षो में झगड़ा हुआ। एक पक्ष के लोगो ने वाल्मीकि बस्ती पर पथराव किया था। दूसरे पक्ष का आरोप है कि पथराव ओर से हुआ था। हालांकि इसमें किसी को गंभीर चोट नहीं आई थी, लेकिन माहौल तनावपूर्ण हो गया था। पुलिस ने मामले में 15 लोगों से पूछताछ की। 2 घंटे तक चला ड्रोन सर्वे
पुरानी टोंक थाना प्रभारी नेमीचंद ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां कुछ लोगों ने पुलिस पर भी पथराव किया था। फिलहाल मामले में आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी के अनुसार- आज सुबह करीब 10 बजे करीब 2 घंटे देशवाली मोहल्ला, वाल्मिकी मोहल्ला, निवाई दरवाजा समेत आसपास के मकानों पर ड्रोन उड़ाकर सर्वे किया गया। ड्रोन के फुटेज देखें तो उसमें 20 मकानों पर पत्थर, ईंटों के टुकड़े दिखाई दिए है। इसे पुलिस सभी बीस मकान मालिकों को चिन्हित कर तीन दिन में ये आपत्तिजनक सामग्री खाली करने के नोटिस दिए है। क्षेत्र में पुलिस जाप्ता तैनात है। निगरानी रखी जा रही है।
