टोंक जिले में माहे रमजान के आखिरी शुक्रवार पर जुमातुल विदा की नमाज अदा की गई। जिलेभर की मस्जिदों में हजारों नमाजियों ने एक साथ नमाज पढ़कर देश और समाज में अमन-चैन व भाईचारे की दुआएं मांगी। जामा मस्जिदों में किए गए विशेष इंतजाम जुमातुल विदा की नमाज को लेकर शहर में विशेष इंतजाम किए गए। नगर परिषद, जिला प्रशासन, मस्जिद कमेटी से जुड़े नौजवानों और दुकानदारों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। काफला जामा मस्जिद के बाहर नमाजियों के लिए एक तरफ सुभाष बाजार और दूसरी तरफ बर्फ वाली गली तक नमाज की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा जिलेभर की कई जामा मस्जिदों में भी नमाज अदा की गई। बड़ा कुआ क्षेत्र में भी उमड़ी भीड़ शाही जामा मस्जिद बड़ा कुआ क्षेत्र में भी जुमातुल विदा की नमाज के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। यहां भी बड़ी संख्या में नमाजी पहुंचे और सामूहिक रूप से नमाज अदा कर दुआएं कीं। एकता और भाईचारे का दिया संदेश नमाज के दौरान मौलानाओं ने एकता और भाईचारे पर जोर देते हुए लोगों को नेक राह पर चलने का संदेश दिया। नमाज के बाद हजारों लोगों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली के लिए दुआएं मांगी। बाजारों में दिखी ईद की खरीदारी जुमातुल विदा की नमाज के बाद शहर के बाजारों में ईद की खरीदारी को लेकर रौनक देखने को मिली। काफला बाजार, छावनी, बड़ा कुआ क्षेत्र और लाडली बेगम की मस्जिद के आसपास लोगों की भीड़ नजर आई। कई बच्चों ने रखे रोजे, हुए इफ्तार कार्यक्रम जुमातुल विदा के मौके पर कई बच्चों ने भी रोजे रखे। वहीं शहर के कई स्थानों पर सामूहिक रोजा इफ्तार के कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। चांद दिखने पर तय होगी ईद की तारीख उल्लेखनीय है कि इस बार यदि रमजान का महीना 29 दिनों का होता है और 29 रमजान को चांद दिखाई देता है तो 20 मार्च को ईद मनाई जाएगी। वहीं यदि चांद 30वें रोजे के बाद नजर आता है, तो 20 मार्च को एक और अलविदा जुमे की नमाज अदा की जा सकती है।