टोंक जिले में अब सर्दी का असर कम हो गया है। अब ठंड का असर मुख्य रूप से सुबह, शाम और रात के समय ही रह गया है, जबकि दोपहर के समय तेज धूप पड़ने से गर्मी का एहसास होने लगा है। तेज धूप के कारण दोपहर के समय लोग अब ऊनी कपड़े पहनने से परहेज करने लगे हैं। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोग हल्के कपड़ों में नजर आ रहे हैं। बदले मौसम का असर आम दिनचर्या पर भी दिखने लगा है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी इस बदले मौसम के चलते तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान बीते 24 घंटे में 1 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 27 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार बने हुए हैं। वहीं न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ है और यह 11 डिग्री सेल्सियस पर बना हुआ है। इस साल देरी से आई थी सर्दी गौरतलब है कि इस वर्ष सर्दी का मौसम देरी से आया था। कड़ाके की सर्दी का अहसास लोगों को जनवरी माह में हुआ, वह भी अधिक दिनों तक नहीं रहा। शुरुआती करीब 10 दिन ही तेज ठंड महसूस की गई, इसके बाद सर्दी का असर लगातार कम होता गया। फिलहाल न तो रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और न ही दिन में सर्दी महसूस हो रही है, जिससे लोगों की दिनचर्या काफी हद तक सामान्य हो गई है।