टोंक शहर के पास कच्चा बंधा वनखंड क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन पर वन विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक दर्जन से अधिक रास्तों को खाइयां खोदकर बंद कर दिया। जेसीबी मशीन की मदद से खनन और परिवहन के रास्ते रोक दिए गए हैं। लगातार शिकायतों के बाद हुई कार्रवाई कच्चा बंधा वनखंड क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। टीम ने जेसीबी की मदद से करीब एक दर्जन अवैध रास्तों को खाइयां खोदकर बंद कर दिया, जिससे खनन सामग्री के परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। अधिकारियों की निगरानी में चला अभियान कार्रवाई उप वन संरक्षक वीरेंद्र सिंह कृष्णिया के निर्देशन में की गई। अभियान के दौरान सहायक वन संरक्षक अनुराग महर्षि भी मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। इस अभियान में बीसलपुर कंजर्वेशन रिजर्व और टोंक रेंज का वन स्टाफ भी शामिल रहा, जिसने संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी को और सख्त किया जाएगा। यदि भविष्य में किसी भी प्रकार का अवैध खनन या खनन सामग्री का परिवहन सामने आता है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सहायक वन संरक्षक अनुराग महर्षि ने बताया – वन क्षेत्र में अवैध खनन रोकने के लिए आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पहल से वन भूमि के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण है। विभाग समय-समय पर इस तरह की कार्रवाई करता रहेगा, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
