टोंक के सआदत अस्पताल में शुक्रवार देर रात संविदाकर्मी और वरिष्ठ लिपित के बीच मारपीट हो गई। संविदाकर्मी ने वरिष्ठ लिपिक अशफाक पर मारपीट करने और काउंटर पर तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। इसके बाद शनिवार सुबह संविदाकर्मियों ने घंटे तक कार्य बहिष्कार किया और कार्रवाई की मांग की। पीएमओ डॉक्टर हनुमान प्रसाद बैरवा ने समझाइश कर काम पर लौटाया। वहीं पीड़ित की ओर से अशफाक के खिलाफ रिपोर्ट भी दी गई है। पीड़ित संविदाकर्मी महावीर गुर्जर टोंक सआदत अस्पताल में बीती रात पर्ची कॉउंटर पर ड्यूटी दे रहा था। इस दौरान करीब साढ़े ग्यारह बजे एक एक्सीडेंट में घायल आया। उसके साथ अस्पताल के वरिष्ठ लिपिक व कुछ महिला पुरुष आए थे। इस दौरान सर्वर डाउन होने से भर्ती पर्ची बनाने में देरी परेशानी हो रही थी। इससे नाराज होकर संविदाकर्मी महावीर गुर्जर के साथ अस्पताल के ही वरिष्ठ लिपिक अशफाक अहमद और उसके साथियों ने मारपीट कर दी। रात को जैसे तैसे मामला शांत हो गया। लेकिन, शनिवार सुबह करीब दस बजे मारपीट और तोड़फोड़ के विरोध में सआदत अस्पताल और जनाना अस्पताल में नारेबाजी कर कार्य बहिष्कार कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।