जालंधर| चोर टैगोर एन्कलेव स्थित सत्संग घर से ई-रिक्शा चोरी कर फरार हो गए। न्यू स्वराजगंज निवासी द्वारका नाथ ने बताया कि परिवार के साथ ई-रिक्शा (नंबर पीबी 08 एफके 2615) में सत्संग घर गए थे। ई-रिक्शा सत्संग घर के बाहर गली में पार्क किया था। जब वहां से बाहर निकले तो देखा कि ई-रिक्शा गायब था। काफी तलाश करने के बाद जब सत्संग घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो एक संदिग्ध दिखाई दिया, जिसने पहचान छिपाने के लिए टोपी और मास्क लगा रखा था। फुटेज में वह युवक बड़ी आसानी से ई-रिक्शा लेकर जाता नजर आ रहा है। थाना-5 की पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है। वहीं, श्री गुरु रविदास चौक के पास और श्री गुरु नानक देव स्टेडियम के बाहर से दो एक्टिवा चोरी हो गईं। देओल नगर निवासी राहुल गांधी ने बताया कि चौक स्थित एक दुकान के बाहर एक्टिवा खड़ी की थी, जहां से वह चोरी हो गई। वहीं, सिविल लाइंस निवासी सुभाष कुमार ने बताया कि स्टेडियम के बाहर खड़ी थी, लेकिन जब वापस आए तो एक्टिवा वहां नहीं थी। थाना-6 की पुलिस ने दोनों पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। इलाके में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
