भास्कर न्यूज | अमृतसर मेरिटोरियस स्कूल में 2 दिवसीय जिला स्तरीय टीचर फेस्ट का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी शिक्षा राजेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें जिले के विभिन्न ब्लॉकों से चयनित लगभग 150 शिक्षकों ने भाग लिया। दो दिन चले इस फेस्ट में शिक्षकों ने अपनी शिक्षण दक्षता, रचनात्मक सोच और नवाचार का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। टीचिंग मॉडल, आईटी ऐप, वीडियो गेम आधारित लर्निंग, कैलीग्राफी, सुंदर लेखन, मैन्युअल गेम्स और माइक्रो टीचिंग गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों ने यह साबित किया कि आधुनिक शिक्षा में नवाचार कितना महत्वपूर्ण है। खास बात यह रही कि इस पूरे फेस्टिवल में महिला शिक्षिकाओं का स्पष्ट दबदबा देखने को मिला। रियल लाइफ एप्लीकेशन ऑफ सब्जेक्ट नॉलेज श्रेणी में सरकारी स्कूल तलवंडी की चेतना शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि नवा पिंड मिडिल स्कूल की नवनीत कौर दूसरे और कोट खालसा स्कूल की पलविंदर कौर तीसरे स्थान पर रहीं। रीक्रिएशन एक्टिविटी में खापरखेड़ी स्कूल की नविता शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया। टाउन हॉल स्कूल की नाजिश रंधावा दूसरे और माल रोड स्कूल की आरती तीसरे स्थान पर रहीं। माइक्रो टीचिंग श्रेणी में जब्बोवाल स्कूल के संजीव कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि दूसरे स्थान पर खापरखेड़ी स्कूल की सुखराज कौर और तीसरे स्थान पर अदली वाला स्कूल की मनु दीप कौर रहीं। स्पेशलाइज्ड किट्स श्रेणी में माहल स्कूल की संदीप कौर ने प्रथम स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर मोहम्मद साहब शाहपुर के शिक्षक रहे, जबकि माहना सिंह स्कूल की सुप्रिया जुल्का तीसरे स्थान पर रहीं। वन एक्ट प्ले में मीरांकोट स्कूल की रवजोत कौर ने पहला स्थान प्राप्त किया। ढपई स्कूल की हरप्रीत कौर दूसरे और गोल बाग स्कूल की मनदीप कौर अपनी टीम के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। कुल 150 प्रतिभागियों में से केवल 15 शिक्षक ही विजेता बने, जिनमें 13 महिला अध्यापिकाएं शामिल रहीं। यह आंकड़ा शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की मजबूत भूमिका और नेतृत्व को दर्शाता है। पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले शिक्षकों को जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला रिसोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. राजन ने कहा कि ऐसे आयोजनों से शिक्षकों में नवाचार की भावना को बढ़ावा मिलता है ।