पंजाब के अमृतसर में बुधवार शाम को यात्रियों से भरी निजी बस को तेज रफ्तार टिप्पर ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला समेत 14 साल के लड़के की मौत हो गई। कई यात्रा घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह से टूट गया। कई सीटें उखड़ गईं। ये बस गुरदासपुर से अमृतसर आ रही थी। बस में 35 से 40 यात्रा सवार थे। घायल यात्रियों के अनुसार, हादसा कथूनंगल के पास हुआ। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। 15 से ज्यादा यात्री अमृतसर के गुरु नानक देव हॉस्पिटल में एडमिट हैं। बाकी प्राइवेट अस्पतालों में दाखिल हैं। इनमें एक नाइजीरियन भी शामिल है। मृतक लड़के की पहचान साहिब सिंह के रूप में हुई है। अभी महिला की पहचान नहीं हो पाई है। घायल यात्रियों के मुताबिक, उन्हें समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ और कुछ सेकेंड में बस में अफरा-तफरी मच गई। वहीं मौके पर मौजूद शख्स परमजीत सिंह का कहना है कि 5-6 लोगों की मौत हुई होगी। हमारे पहुंचने पर कई लोग घायल थे। 5-6 एंबुलेंस भी पहुंची होंगी। सूचना मिलते ही थाना कथूनंगल की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने टिप्पर को कब्जे में ले लिया है, जबकि ड्राइवर हादसे के बाद फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। हॉस्पिटल पहुंचे SI जसदीप सिंह का कहना है की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे हैं। हमें अभी तक जानकारी है की एक बच्चे की मौत हुई है, जिसकी उम्र 13-14 साल बताई जा रही है। हादसे के बाद के PHOTOS… हम खबर को अपडेट कर रहे हैं…
