अलवर टाइगर मैराथन 2026 (इंटरनेशनल हाफ मैराथन) रविवार सुबह साढ़े 6 बजे प्रताप ऑडिटोरियम के सामने से शुरू हुई। पहले राउंड में एलिट वर्ग की महिला और पुरुषों की दौड़ शुरू हुई, जो करीब 7 बजे खत्म हुई। इसके बाद BSF, SSB और आर्मी के जवान भी इस दौड़ में शामिल हुए। इसके बाद 10 किलोमीटर की दौड़ शुरू हुई, कुछ देर बाद 5 किलोमीटर की दौड़ भी शुरू कर दी गई। मैराथन को सीएम भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव और रणदीप हुड्डा ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान हेलीकॉप्टर से फूल भी बरसाए गए। इस मैराथन में सबसे रोमांचक नजारा 2 किलोमीटर दौड़ में शामिल पैरा एथलिट्स का देखने को मिला, जिनमें जबरदस्त उत्साह था और उन्होंने जोश के साथ 2 किलोमीटर की दौड़ पूरी की। इस दौरान वन राज्य मंत्री संजय शर्मा भी मंच से झूमते नजर आए। उनके डांस को देखकर धावकों में और उत्साह बढ़ गया। देखे मैराथन से जुड़ी PHOTOS…. डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने कहा कि जिस तरह से टाइगर व पर्यावरण संरक्षण को और फिट इंडिया मूवमेंट को इसमें जोड़ा है, इसके लिए पूरी टीम को बधाई। यह एक अनोखी पहल है। इतनी बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, पैरा एथलिट्स—सब लोग इसमें जुड़े, बहुत अच्छा लगा। एक फेस्टिवल के रूप में उन्होंने इसे बनाया है। राजस्थान में भी इसी तरह टाइगर मैराथन होगा, मुझे पूरा भरोसा है। ऐसे आयोजन टूरिज्म को भी बढ़ाते हैं। हर इवेंट को हमें उत्सव के रूप में मनाना चाहिए। इसको सरकार भी पूरा सपोर्ट करेगी। बिल्कुल सरकार की मंशा है कि इसे आगे बढ़ाया जाए। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि यह सामाजिक एकता के लिए है। यह भाईचारे की दौड़ है। इसमें कोई भेदभाव नहीं है—न कोई जाति का, न कोई धर्म का। लोग इसे एक उत्सव की तरह मना रहे हैं। यह अलवर के लिए है, यह फिट रहने का संदेश है, टाइगर को बचाने और पर्यावरण को बचाने का संदेश है। मेरा एक ही टारगेट है कि अलवर की जनता ने जो मुझे अपना आशीर्वाद दिया है, जिस समय के लिए आशीर्वाद दिया है, उस समय में उनकी सेवा करता रहूँ। आगे इसमें बर्ड वॉचिंग को भी जोड़ेंगे और इसे बड़ा बनाएंगे। इस मैराथन में भारत सहित कुल 8 देशों से 18 हजार 600 से अधिक लोग भाग ले रहे हैं। 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन में पहले नंबर पर आने वाले खिलाड़ी को 7500 डॉलर ईनाम मिलेगी। कुल 8 कैटेगिरी में मैराथन है। सब विजेताओं को ईनाम मिलेगा। कई देशों में मैराथन में पहले 5 नंबर तक आने वाले खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं। केन्या, नीदरलैंड व साउथ अफ्रिका सहित 7 अन्य देशों के खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर, 5 किलोमीटर व 2 किलोमीटर की दौड़ होगी। खास बात यह है कि यहां 2 किलोमीटर में दौड़ में करीब डेढ़ हजार से अधिक दिव्यांग दौड़ेंगे। यह संख्या में पिछली बार से तीन गुना से अधिक है।