झुंझुनूं में देर रात हिस्ट्रीशीटर और पुलिसकर्मी आमने-सामने हो गए। पुलिस से बचने के लिए हिस्ट्रीशीटर रोहित महला ने पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मारी। इस हादसे में एएसआई समेत 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए। मामला जिले के गुढ़ागौड़जी कस्बे में शुक्रवार रात करीब 9 बजे का है। करीब डेढ़ घंटे तक पुलिस बदमाश का 8 किलोमीटर तक पीछा करता रहा। तीन दिन से पुलिस घेराबंदी की तैयारी कर रही थी जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ की ढाणी निवासी और गुढ़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर रोहित किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए घुम रहा था। वहीं पुलिस तीन दिनों से उसकी घेराबंदी की तैयारी कर रही थी। इस बीच शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे पुलिस कसे रोहित की लोकेशन मिली। इस पर गुढ़ागौड़जी थाने के एएसआई सज्जन कुमार अपनी टीम ड्राइवर भूपेंद्र और कॉन्स्टेबल अशोक और रविकांत के साथ मिलकर उसे पकड़ने के लिए रवाना हुए। बांडिया नाले के पास पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर की पिकअप को दोनों तरफ से घेर लिया। एक गाड़ी रोहित के आगे और दूसरी गाड़ी को पीछे लगा दिया। ऐसे में बदमाशा ने भागने की कोशिश की और पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मारते हुए आगे निकल गया। इस दौरान सामने खड़ी गुढ़ा थाने की गाड़ी को टक्कर मारी। इसके बाद अपनी पिकअप को रिवर्स करते हुए पीछे खड़ी गाड़ी को टक्कर मार फरार हो गया। 8 किलेामीटर तक पीछा किया, गाड़ियों के शीशे तक टूट गए इस बीच पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मारते हुए बदमाश वहां से भाग निकला। पुलिस ने करीब 8 किलोमीटर तक उसका पीछा किया। इस दौरान वह बार-बार गाड़ियों को टक्कर मारते हुए फरार होने का प्रयास करता रहा। इस टक्कर में पुलिस की गाड़ियां पूरी तरह से पिचक गई। पुलिस की गाड़ियों के कांच टूट गए। यहां तक गाड़ी के एयरबैग तक खुल गए और गेट भी टूट गया।
पिकअप बंद होते ही पकड़ा गया, पुलिसकर्मी का हाथ टूटा पुलिस ने करीब डेढ़ घंटे तक बदमाश का पिछा किया। इस दौरान रोहित की पिकअप बंद हो गई। इस पर टीम ने दोबारा घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर रोहित के साथी फरार हो गए। इस भिड़ंत में पुलिसकर्मी भूपेंद्र का हाथ टूट गया। वहीं एएसआई सज्जन और कॉन्टेबल अशोक और रविकांत के हाथ पैर में चोट आई है। रोहित के दोनों पैरों में भी चोट आई। सभी को रात करीब 11 बजे गुढ़ा सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चारों पुलिसकर्मियों को छुट्टी दे दी गई। जबकि रोहित को झुंझुनूं रेफर किया गया और वहां से जयपुर रेफर किया।
एक महीने पहले ही आया था जेल से बाहर एसएचओ सुरेश रोलन के अनुसार रोहित महला एक बेहद शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूटपाट और जानलेवा हमले जैसे 19 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह एक महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आते ही वह दोबारा एक्टिव हो गया था।
