झालावाड़ में कोतवाली पुलिस की विशेष टीम ने कोटा रोड स्थित देवरीघटा में नाकेबंदी के दौरान दो आरोपियों को चरस तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 100 ग्राम 16 मिलीग्राम अवैध मादक पदार्थ चरस बरामद की है। एसपी अमित कुमार बुडानिया ने बताया कि विशेष टीम ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की। झालावाड़ शहर के कोटा रोड पर देवरीघटा एन.एच. 52 पर कोटा की तरफ से झालावाड़ आ रहे दो बाइक सवारों को रोका गया।
इनकी पहचान मुर्शरफ (28) पुत्र वाहिद बैग, निवासी घुरपुरा मोहल्ला झालावाड़ (हाल साकेत नगर) और आशिफ (22) पुत्र अनिस मोहम्मद, निवासी नला मोहल्ला, चंदा महाराज की पुलिया के पास झालावाड़ के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके पास से चरस मिली। पुलिस ने बताया कि झालावाड़ कोतवाली सीआई मुकेश कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस उनसे अवैध मादक पदार्थ चरस की खरीद-फरोख्त और तस्करी नेटवर्क के बारे में गहन अनुसंधान कर रही है। जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के मामलों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। नशे के कारोबार से जुड़े तस्करों के खिलाफ अभियान जारी है।