झालावाड़ के मिश्रौली थाना क्षेत्र में एक विवाहित महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला जनवरी महीने में घर पर चूल्हे पर तपते समय झुलस गई थी। मिश्रौली थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान सुधा कुमारी (21) पत्नी दीवान सिंह, निवासी भिंडवा बिहार के रूप में हुई है। उसकी शादी दो साल पहले गुराड़िया जोगा में दीवान सिंह से हुई थी। पुलिस के अनुसार, सुधा कुमारी 21 जनवरी को अपने घर पर चूल्हे पर तप रही थी। इसी दौरान अचानक उसके कपड़ों में आग लग गई, जिससे उसका कमर से नीचे का हिस्सा गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल झालावाड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद उसे घर ले जाया गया था। हालांकि, बाद में उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई, जिसके चलते उसे दोबारा झालावाड़ अस्पताल लाया गया। यहीं इलाज के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गई। अस्पताल चौकी ने शव को मोर्चरी में रखवाकर मिश्रौली पुलिस को सूचना दी। झालावाड़ अस्पताल पहुंचने के बाद पुलिस ने महिला के गांव में रहने वाले भाई संजीत कुमार को सूचित किया। इसके बाद मेडिकल बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया और परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने संदिग्ध अवस्था में मौत का मामला दर्ज किया है। मृतक महिला का आठ माह का एक बच्चा भी है।