झालावाड़ में गणेश विसर्जन शोभायात्रा में शुक्रवार को हादसा हो गया। यहां करतब दिखाते समय अचानक आग लग गई। इस हादसे में 4 युवक झुलस गए। शहर के मंगलपुरा चौराहे पर कार्यक्रम में निकाली जा रही झांकी के दौरान शुक्रवार दोपहर करीब 3.30 बजे एक हादसा हो गया। मटकी का करतब दिखाते समय अचानक आग लग गई। इस हादसे में करतब में शामिल 1 युवक और आसपास खड़े 3 अन्य लोग झुलस गए। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। इन फोटोज से समझिए पूरा मामला अखाड़े के कलाकार दिखा रहे थे करतब:
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गणेश विसर्जन के कार्यक्रम के तहत बाहर से आए अखाड़े के कलाकार अलग-अलग करतब दिखा रहे थे। इसी दौरान मटकी में पेट्रोल की बोतल से आग लगाने का करतब दिखाया जा रहा था। तभी अचानक आग भड़क गई और करतब में शामिल लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रघुवीर (26), नितिन सिंह (40), विनीत पोरवाल (35) और चंदन सरदार (30) घायल हो गए। घायलों को पहुंचाया अस्पताल:
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर करतब में शामिल लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए झालावाड़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इमरजेंसी में उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
एसआरजी अस्पताल के डॉक्टर यमुना प्रसाद ने ​बताया कि चारों में से केवल चंदन सरदार ही 10 से 15 फीसदी झुलसा है, उसे एडमिट किया गया है। बाकि तीनों का इलाज कर उन्हें घर भेज दिया गया। स बचने के लिए भागने लगे लोग:
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि मटकी का करतब दिखाने के दौरान अचानक आग लगी और लोग उससे बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए तनाव का माहौल हो गया। हालांकि, बाद में हालात सामान्य हो गए और गणेश विसर्जन का कार्यक्रम जारी रहा। अस्पताल में उपसभापति फारूक अहमद, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन, कांग्रेस नेता वीरेंद्र सिंह झाला और ओम पाठक समेत कई अन्य लोगों ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली। आंख बंद करके लेटा हुआ था, अचानक लगी आग:
घायल रघुवीर धाकड़ ने बताया कि वह तो करतब दिखाने के दौरान आंख बंद करके लेटे हुए थे इस दौरान बाहर से आए अखाड़े के पहलवान नारियल और मटकी फोड़ रहे थे। इसी बीच उनके पीछे से आग लगते ही कान और अन्य जगह पर झुलस गया।