झालावाड़ में भीषण गर्मी और लू (हीट वेव) के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए एक विशेष पहल की गई है। ‘हीट सेफ झालावाड़’ अभियान के तहत झालावाड़ रोडवेज बस स्टैंड को ‘हीट सेफ ज़ोन’ के रूप में विकसित किया गया है। यहां यात्रियों और आमजन को लू से बचाने के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
यह कार्यक्रम सीएमएचओ डॉ. साजिद ख़ान के मार्गदर्शन में जिला नोडल अधिकारी एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. शुभम् गिरिराज पाटीदार द्वारा संपन्न हुआ। इसमें हीट मित्र अजय चौरसिया और हरिओम पाटीदार ने सहयोग किया। इस दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों, बस चालकों, परिचालकों और रोडवेज स्टाफ ने भाग लिया। बस स्टैंड पर ओआरएस एटीएम का शुभारंभ किया गया, जिससे यात्रियों और आमजन को आवश्यकता पड़ने पर तुरंत ओआरएस उपलब्ध हो सके। इसके अतिरिक्त, हीट हेलमेट वितरित किए गए और हीट रेस्क्यू स्प्रे का प्रदर्शन करते हुए उसके उपयोग की जानकारी दी गई। यह स्प्रे तेज गर्मी में तत्काल राहत प्रदान करने में सहायक है। इस अवसर पर लू और तापघात से बचाव के उपायों तथा प्राथमिक इलाज (फर्स्ट एड) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। हीट स्ट्रोक की स्थिति में किए जाने वाले प्राथमिक उपचार का प्रायोगिक प्रदर्शन भी किया गया, ताकि आमजन आपात स्थिति में सही कदम उठा सकें।
रोडवेज प्रबंधक केसरी लाल वर्मा ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की। उन्होंने इसे भीषण गर्मी के मौसम में अत्यंत उपयोगी और जीवन रक्षक बताया। कार्यक्रम में उपस्थित यात्रियों और आमजन ने ओआरएस प्राप्त किया, हीट हेलमेट का उपयोग किया और लू से बचाव के उपायों की जानकारी ली। उन्होंने इस पहल को आवश्यक और समयानुकूल बताया। यह अभियान केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर समाधान उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसका लक्ष्य आमजन को लू से सुरक्षित रखना है। झालावाड़ शहर में निकाली जाएगी शोभायात्रा
पीपाधाम पर सन्त पीपाजी महाराज की जयन्ती समारोह में मंगलवार रात्रि को वृन्दावन की सुप्रसिद्ध रासलीला मण्डली ने रासलीला प्रारम्भ करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र को संगीतमय स्वर में बखान किया। रासलीला में श्रीकृष्ण-राधा का प्रथम मिलन होने पर भगवान श्रीकृष्ण ने राधारानी को अपने नन्दगांव में खेलने के लिए बुलाया, नन्दगांव में राधारानी का भव्य स्वागत किया। बृज की प्रसिद्ध माखन चोरी लीला को भगवान ने ग्वाल बालों के साथ टोली बनाकर माखन चोरी का दृश्य बताया। नन्दगांव में माखन की मटकी फोड़ने का भाव भी दर्शाया। भगवान श्रीकृष्ण के भजनों पर भक्तजन व साधु सन्त भाव विभोर हो गये। दूर-दराज से आये साधु सन्तों तथा भक्तजनों ने भी रासलीला का भरपूर आनन्द उठाया। बुधवार प्रातः सन्त पीपाजी महाराज की पूजा अर्चना करके संगीतमय भक्तमाल का पाठ किया गया तथा कई धार्मिक संगठनों ने पीपाधाम पर पहुंचकर भक्तमाल का पाठ करने वाले साधु सन्तों का स्वागत किया। दोपहर बाद साधु सन्तों के प्रवचन हुये जिसमें साधु सन्तो ने कहा कि सब को मिलकर भक्ति की अलख जगानी है, भक्ति से ही प्रभु की प्राप्ति होती है। पीपाधाम भक्ति के लिए आलौकिक स्थल है, यहां आने से आत्म शान्ति मिलती है तथा यहां की प्राकृतिक सौन्दर्यता व पीपाजी महाराज की असीम कृपा से हमें यह स्थल स्वर्ग जैसी अनुभूति प्रदान करता है। पीपाधाम के व्यवस्थापक दासानुदास झन्कारेश्वर दास त्यागी महाराज ने बताया कि पीपाजी महाराज का जीवन दिव्य और त्रिगुणातीत है। आज 2 अप्रेल गुरूवार को विशेष कार्यक्रम श्रीपीपाजी की बधाई प्रातः 11 बजे आयोजित होगी। वहीं शाम 4ः30 बजे झिरी चौक महादेव का मन्दिर तांगा अड्डा झालावाड़ से विशाल भव्य शोभायात्रा झालावाड़ शहर के मुख्य मार्गो से निकाली जायेगी। इसमें कई सामाजिक संगठन जगह-जगह शोभायात्रा का भव्य स्वागत करेगे तथा शोभयात्रा में बाहर से आये सभी साधु सन्त, भक्तजन सहित झालावाड़ व आस-पास के ग्रामीण क्षेत्र के श्रदालु व भक्तजन मौजूद रहेगे।
