कोटा में आयोजित 47वीं अखिल भारतीय विद्युत पावर लिफ्टिंग एवं बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में झालावाड़ के शाकिर हुसैन ने 66 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीता है। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का उद्घाटन कोटा थर्मल के सामुदायिक भवन में हुआ था। शाकिर हुसैन जयपुर विद्युत वितरण निगम झालावाड़ के मीटर विंग में तकनीशियन-I के पद पर कार्यरत हैं। उनकी इस उपलब्धि से झालावाड़ विद्युत निगम का नाम रोशन हुआ है। झालावाड़ में उनके आगमन पर मीटर विंग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया। शाकिर हुसैन ने इस अवसर पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों, स्वागत करने वाले रवि श्रृंगी, दिवाकर शर्मा, विनोद कुमार, बालमुकुंद और अन्य कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने झालावाड़ निवासी अपने कोच डॉक्टर संदीप निर्मल का भी विशेष धन्यवाद किया।
इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में राजस्थान, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, तेलंगाना, मध्यप्रदेश, पंजाब, हरियाणा और गुजरात सहित कई राज्यों के विद्युत क्षेत्र के कार्मिक खिलाड़ियों ने भाग लिया।