झालावाड़ में आमजन की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से राजेंद्र सार्वजनिक अस्पताल (एसआरजी) और श्रीमती हीराकुंवर बा महिला अस्पताल (जनाना अस्पताल) के आउटडोर (ओपीडी) समय में 1 अप्रैल से बदलाव किया गया है। एसआरजी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अशोक शर्मा ने बताया कि नए निर्धारित समय के अनुसार, अब डॉक्टर मरीजों को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक आउटडोर में देखेंगे। दोपहर 2 बजे के बाद से अगले दिन सुबह 8 बजे तक मरीजों को देखने की व्यवस्था कैजुअल्टी (आपातकालीन सेवा) में पहले की तरह ही जारी रहेगी। इसके अतिरिक्त, सभी राजकीय अवकाश के दिनों में आउटडोर सेवाएं सुबह 9 बजे से 11 बजे तक संचालित की जाएंगी। जानकारी के अनुसार, पहले अस्पताल का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित था। नए आदेशों के तहत यह बदलाव किया गया है।
