सलूम्बर ब्लॉक के झल्लारा स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, खोलड़ी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अंग्रेजी माध्यम में नए प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। विद्यालय प्रशासन ने नर्सरी से कक्षा 12 तक की कक्षाओं के लिए विज्ञप्ति जारी की है। ये प्रवेश माध्यमिक शिक्षा निदेशालय राजस्थान, बीकानेर के निर्देशों के अनुसार किए जाएंगे। 280 सीट पर होगी प्रवेश प्रक्रिया विद्यालय में कुल 570 सीटें निर्धारित हैं। पिछले सत्र के विद्यार्थियों के समायोजन के बाद लगभग 280 सीटें रिक्त हैं, जिन पर नए विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी और कक्षा 1 से 12 तक विभिन्न कक्षाओं में सीटें उपलब्ध हैं। नर्सरी कक्षा में 25 सीटें पूरी तरह खाली हैं। प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार 14 मार्च से 23 मार्च 2026 तक विद्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों की सूची 24 मार्च को विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर लगाई जाएगी। विद्यार्थियों का चयन 25 मार्च को लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों की सूची 27 मार्च 2026 को विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी। चयनित छात्रों के लिए प्रवेश प्रक्रिया 28 मार्च से शुरू होगी। 1 अप्रैल से शुरू होगा नया सत्र विद्यालय प्रशासन के अनुसार, नए शैक्षणिक सत्र के लिए शिक्षण कार्य 1 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा। प्रशासन ने अभिभावकों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन करने का आग्रह किया है, ताकि उनके बच्चों को आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम शिक्षा मिल सके।
