भरतपुर के नदबई में दुकान से घर लौट रहे ज्वेलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घर से सिर्फ 100 मीटर पहले बाइक पर आए 2 बदमाशों ने गले में गोली मार दी और सोने-चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। ज्वेलर की पत्नी शालू ने बताया- हमलावर पहले से ही मेरे पति की रेकी कर रहे थे। उन्हें पता था कि वो रोजाना किस समय दुकान बंद करते हैं और किस रास्ते से घर जाते हैं। उनको ये भी पता था कि उनके पास कीमती जेवरात रहते हैं। इसी जानकारी के आधार पर बदमाशों ने उन पर हमला किया। घटना से 1 दिन पहले भी हमारे घर के सामने 2 युवक खड़े थे। वो घर की तरफ देखकर फोन पर बात कर रहे थे। उनको देखा तो मुझे शक हुआ, लेकिन नजरअंदाज कर दिया। रोजाना एक ही समय आते-जाते थे भाई
छोटे भाई रूपेश चौपड़ा ने बताया- नगर तिराहे पर बड़े भाई योगेंद्र की दुकान है। घर से दुकान की दूरी करीब 400 मीटर है। वह रोजाना शाम करीब 7:30 बजे दुकान बंद कर घर लौटते थे। वो सालों से घर से दुकान आने-जाने एक ही टाइम फॉलो कर रहे थे। बड़े भाई सुबह घर से जेवरात से भरा बैग लेकर दुकान जाते थे और शाम को बैग लेकर लौटते थे। बदमाशों ने उनकी दिनचर्या और आने-जाने के रास्ते की रेकी की और फिर पूरी योजना के साथ उन पर हमला किया। विधायक बोले- खून का बदला खून से लेंगे
घटना के बाद रात 12 बजे नदबई विधायक जगत सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से घटना की जानकारी ली। विधायक जगत सिंह ने कहा- ये नहीं होना चाहिए था। ढील मेरी रही है, हमें सचेत रहना चाहिए था। यहां पिछले 18 महीने में 4-5 वारदातें हुई हैं, लेकिन पहली बार ऐसी घटना घटी है, जिसमें किसी की हत्या हुई है। बड़ी बेरहमी से हुई है। छीना-झपटी भी हुई। वारदात के बाद पूरे कस्बे में गुस्सा, पुलिस तैनात
ज्वेलर को गोली लगने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी और कस्बे के लोग अस्पताल पहुंच गए। लोगों ने यहां प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने शव को स्ट्रेचर पर रखा और मुख्य बाजार से रैली निकालते हुए थाने के सामने ले गए। लोगों ने थाने के सामने भी जमकर नारेबाजी की। लोगों ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। लोगों के प्रदर्शन को देखते हुए नदबई, लखनपुर, उच्चैन समेत सर्किल के थानों से पुलिस फोर्स बुलाई गई। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार हुए। गुरुवार सुबह 7:30 बजे FSL की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक सबूत जुटाए। घटना के बाद गुरुवार को सर्व समाज और व्यापारियों ने 72 घंटे में हत्यारों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को न्याय और सरकारी नौकरी, आर्थिक मुआवजा और मृतक के बेटे को सरकारी मेडिकल कॉलेज में MBBS में प्रवेश की मांग की। इसको लेकर SDM सचिन यादव को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा। मांगों पर सहमति बनने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सर्व समाज का का कहना है कि, अगर 72 घंटे में हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो अनिश्चितकालनी बाजार बंद और आमरण अनशन किया जाएगा। सीओ अमर सिंह राठौड़ ने बताया- योगेंद्र के छोटे भाई रूपेश ने शिकायत दी है। इस पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं, टीमों को गठन किया गया है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। —- घटना से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें ज्वेलर की गोली मारकर हत्या, सोने-चांदी से भरा बैग लूटा:दुकान बंद कर स्कूटी से लौट रहे थे घर; व्यापारियों ने शव के साथ रैली निकाली भरतपुर जिले में बाइक पर आए 2 बदमाशों ने ज्वेलर के गले में गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश सोने-चांदी से भरा बैग लूट ले गए। ज्वेलर अपनी दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे। (पढ़ें पूरी खबर)