भरतपुर जिले के नदबई में रेलवे स्टेशन रोड स्थित एसबीआई बैंक के सामने वाली गली में ज्वेलरी शाॅप में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपी भाइयों में से बड़े भाई को गिरफ्तार कर चोरी किए गए जेवरात, बाइक और वारदात में इस्तेमाल औजार बरामद किए हैं, जबकि छोटा भाई अभी फरार है। भरतपुर एसपी दिगंत आनंद ने बताया – 9 अप्रैल को महेश बंसल निवासी सिंधी कॉलोनी, नदबई ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रात में अज्ञात चोरों ने दुकान का सेंटर लॉक तोड़कर जैक की मदद से शटर तोड़ा और करीब 3-4 किलो चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए, जिनकी कीमत करीब 9 से 10 लाख रुपए बताई गई। CCTV से हुई पहचान घटना के बाद पुलिस ने कस्बे में लगे करीब 100 से 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जांच में आरोपी भगवान सिंह (36) निवासी बरखेड़ा साद, थाना बृजनगर, जिला डीग के रूप में पहचान हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका भाई डालचंद अभी फरार है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक, शटर तोड़ने के औजार और चोरी किए गए चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपी से अन्य वारदातों को लेकर पूछताछ जारी है। रेकी कर बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले दिन में दुकान की रेकी करते थे और रात में वारदात को अंजाम देते थे। डालचंद पहले दुकान को चिन्हित करता, फिर रात में अपने भाई के साथ पहुंचता। वह खुद शटर तोड़ता और बीच-बीच में औजार लेने के लिए कैमरों की रेंज से दूर खड़े अपने भाई के पास जाता था। कई वारदातों को दे चुके अंजाम
पुलिस के अनुसार आरोपी भरतपुर और डीग जिले के कई थाना क्षेत्रों जैसे कामा, डीग, हलैना, नगर और सीकरी में भी करीब 7 से 8 चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। इससे साफ है कि यह गैंग लंबे समय से सक्रिय था। एसपी दिगंत आनंद ने बताया कि फरार आरोपी डालचंद की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।